औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जहां रघुनाथपुर बालू घाट के पास सोन नदी में शुक्रवार को एक नाव पलटने की घटना हुई है. नाव में कुल 17 लोग सवार थे. हादसे में एक युवती की मौत हो गई है, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं. वहीं 10 लोगों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नवीनगर प्रखंड के बड़ेम थाना क्षेत्र की है. नाव सोन नदी पार कर रही थी, तभी तेज धारा के कारण अचानक असंतुलित होकर पलट गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही बड़ेम थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है. मृतक युवती का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है.

