कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती में बीती रात चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, आजाद बस्ती निवासी दिनेश मंडल के घर में देर रात अज्ञात चोरों ने प्रवेश किया और घर से एक कूलर समेत अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. सुबह जब परिजन जागे तो घर में बिखरे सामान को देखकर सनसनी फैल गई.

घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने शक के आधार पर आज़ाद बस्ती निवासी संजय उर्फ तिर्की पर नजर रखी. जब कुछ लोगों ने उसके घर की खिड़की से झांका तो चोरी किया गया कूलर अंदर दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और तुरंत कांड्रा थाना को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई.

कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. जांच में जो भी संलिप्तता पाई जाएगी, उसके खिलाफ विधि- सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि दोबारा कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे.

