खरसावां: प्रखंड के संतरीकुदर निवासी पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद पीडीएस जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुलकांत झा ने उनके गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.


फुलकांत झा ने कहा कि करम सिंह बोदरा की आकस्मिक मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. सरकार को मानवीय संवेदना के आधार पर परिवार की तत्काल सहायता करनी चाहिए. उन्होंने मृतक के आश्रितों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की.

उन्होंने कहा कि परिवार के भरण-पोषण और भविष्य की सुरक्षा के लिए पात्रता के अनुसार सभी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए. साथ ही दुर्घटना में घायल परिवार के सदस्यों के बेहतर और समुचित इलाज की व्यवस्था भी सरकारी स्तर पर सुनिश्चित की जाए.
विधायक, सांसद, मंत्री और डीसी से हस्तक्षेप की मांग
फुलकांत झा ने खरसावां विधायक दशरथ गागराई, खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त और स्वास्थ्य सह खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मामले में विशेष हस्तक्षेप करने का आग्रह किया.

उन्होंने मुख्यमंत्री से भी पीड़ित परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. झा ने कहा कि पीडीएस डीलर सरकार की जनवितरण प्रणाली को गांव-गांव तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. ऐसे में किसी पीडीएस डीलर की आकस्मिक मृत्यु के बाद उसके परिवार को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार को पहल करनी चाहिए.
नेक और सरल स्वभाव के थे करम सिंह बोदरा
करम सिंह बोदरा के निधन से संतरीकुदर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार वे नेक, सरल, मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे. साधारण परिवार से आने वाले करम सिंह पीडीएस डीलर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहते थे.
ग्रामीणों के अनुसार वे जनवितरण प्रणाली के लाभार्थियों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने का प्रयास करते थे. गरीब और जरूरतमंद परिवारों के प्रति उनका व्यवहार सहयोगपूर्ण था. लाभार्थियों के साथ अच्छे व्यवहार के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी.
उनके असामयिक निधन से परिवार के साथ-साथ उनके संपर्क में रहने वाले लाभार्थियों और ग्रामीणों को भी गहरा आघात पहुंचा है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र ने एक जिम्मेदार और संवेदनशील व्यक्ति को खो दिया है.
फुलकांत झा ने भी करम सिंह बोदरा को याद करते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों के प्रति गंभीर और लाभार्थियों के प्रति संवेदनशील थे. उनका असामयिक निधन पीडीएस संगठन के लिए भी अपूरणीय क्षति है.
परिवार के साथ खड़ा रहेगा पीडीएस संगठन
परिजनों से मुलाकात के दौरान पीडीएस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता और खिरोद नायक भी मौजूद रहे. सभी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
फुलकांत झा ने कहा कि परिवार को सरकार से मिलने वाली सहायता और पात्र जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा. उन्होंने सरकार से मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के भरण-पोषण के लिए आवश्यक सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग दोहराई.

