कांड्रा/ Bipin Varshney थाना अंतर्गत एसकेजी. फुटबॉल मैदान में गुरुवार शाम रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन अपार उत्साह और भव्यता के साथ किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के तथा विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ समीर सवैया मौजूद रहे.

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई. जमशेदपुर से आए रघु एंड ग्रुप ने गीत-संगीत और नृत्य से ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. शाम ढलते ही रावण का पुतला दहन हुआ और चारों ओर गूंजे जयकारों के बीच रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया.

इस आयोजन के पीछे रावण दहन कमिटी के अध्यक्ष लाल बाबू महतो और समिति के सदस्यों की महीनों की कड़ी मेहनत रही. कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके प्रयासों की व्यापक सराहना की गई.
कांड्रा बाजार और कॉलोनी की दोनों दुर्गा पूजा समितियों ने संयुक्त रूप से माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन भी कराया. कार्यक्रम को देखने लगभग 15 हजार दर्शक पहुंचे. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

मुख्य अतिथि कृष्णा बास्के ने कहा कि कांड्रा की जनता ने हमेशा परंपरा और संस्कृति को संजोए रखा है. रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और यह आयोजन युवाओं को समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देता है.

अध्यक्ष लाल बाबू महतो ने कहा कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था और एकता का प्रतीक है. समिति के सभी सदस्यों ने महीनों तक दिन-रात मेहनत की, तभी यह भव्य कार्यक्रम संभव हो पाया. उन्होंने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.

