
जामताड़ा: झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में जिले के आउटडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.


कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट तथा छात्राओं के स्वागतगान से हुई. इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की बैंड पार्टी की अगुवाई में जिले के सभी प्रखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई गई तथा राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ हुआ.
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा टॉस के बाद किक लगाकर पहले मुकाबले की शुरुआत कराई.

इस अवसर पर उपायुक्त आलोक कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का आधार निरंतर अभ्यास, अनुशासन और टीम वर्क है. उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी दिए हैं. जिले के खिलाड़ी भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और जिले का नाम रोशन करें. उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, इसलिए खिलाड़ी अपने विद्यालय, प्रखंड और जिले के सम्मान के लिए खेलें. साथ ही प्रशिक्षकों से बच्चों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और उनमें टीम भावना विकसित करने की अपील की.
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि दुनिया के कई छोटे देश खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो यह साबित करता है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने खिलाड़ियों से चुनौतियों का डटकर सामना करते हुए पूरी लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों की अंडर-15 बालक तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं. प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





