चांडिल: कुड़मी समाज की अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची में पुनः शामिल किए जाने की मांग को लेकर 20 सितंबर से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में शुरू होने वाले अनिश्चितकालीन “रेल टेका- डहर छेका आंदोलन” को आजसू पार्टी ने पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है.

पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कुड़मी समुदाय को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए आजसू कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और रेल चक्का जाम करेंगे. उन्होंने याद दिलाया कि झारखंड आंदोलनकारी स्व. एन.ई. होरो, स्व. रामदयाल मुंडा और गुरुजी शिबू सोरेन ने भी कुड़मी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने का समर्थन किया था. रघुवर दास सरकार के समय 46 सांसद और विधायकों ने लिखित रूप से इसका समर्थन किया था, जिसमें हेमंत सोरेन और इरफान अंसारी भी शामिल हैं.
हरे लाल महतो ने बताया कि झारखंड के विभिन्न जिलों में वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी बनाया गया है. बोकारो और गिरिडीह जिले की जिम्मेदारी गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी को सौंपी गई है. रामगढ़, हजारीबाग और चतरा में मांडू विधायक निर्मल महतो नेतृत्व करेंगे. बोकारो जिले में पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.
सरायकेला- खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में खुद हरे लाल महतो नेतृत्व करेंगे. रांची जिले में केंद्रीय नेतृत्व की देखरेख में पूरी टीम आंदोलन को आगे बढ़ाएगी. संथाल परगना में संजीव महतो को जिम्मेदारी दी गई है. झारखंड के 24 जिलों के साथ-साथ बंगाल और ओडिशा में भी पार्टी ने प्रभारियों की नियुक्ति की है ताकि आंदोलन को व्यापक स्तर पर सफलता मिल सके.
आजसू पार्टी की ओर से इस आंदोलन के तहत दो मुख्य मांगें रखी गई हैं. पहला, कुड़मी जाति को अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची में पुनः शामिल किया जाए. दूसरा, कुड़मालि भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में जोड़ा जाए.
हरे लाल महतो ने कहा कि 1931 से पहले कुड़मी समुदाय को आदिम जनजाति के रूप में मान्यता प्राप्त थी, लेकिन बाद में इसे एसटी सूची से हटाकर ओबीसी में डाला गया. उन्होंने डॉ. नारायण उरांव की पुस्तक “Tribal Identity and Kurmi Mahtos” और 1913 एवं 1931 की सरकारी अधिसूचनाओं का हवाला देते हुए बताया कि यह समुदाय ऐतिहासिक रूप से आदिवासी के रूप में सूचीबद्ध था.
उन्होंने जानकारी दी कि 20 सितंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के कुकडू प्रखंड (नीमडीह थाना) क्षेत्र स्थित हैंसालौंग रेलवे स्टेशन पर लाखों की संख्या में कुड़मी समाज के लोग जुटकर आंदोलन की शुरुआत करेंगे. हरे लाल महतो ने कहा कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक कुड़मी समाज की मांगें पूरी नहीं हो जातीं. उन्होंने कुड़मी समाज और आजसू पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस आंदोलन में भाग लेने की अपील की.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
