जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में दुर्गापूजा एवं विजयादशमी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण और आवश्यक तैयारियों को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद सहित प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

उपायुक्त ने कहा कि जिले में दुर्गापूजा और विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पूजा पंडाल का सत्यापन किया जाए और मूर्ति विसर्जन हेतु निर्धारित तिथि एवं जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन अनिवार्य है. घाटों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, नगर निकाय व जुस्को द्वारा सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कचरा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. सभी पंडालों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, सहायता केंद्र, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक प्रवेश एवं निकास द्वार, अस्थायी शौचालय, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं. सिविल सर्जन को भीड़-भाड़ वाले स्थलों के आसपास एम्बुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया गया.
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, दंगा-निरोधक वाहन, वाटर कैनन एवं अन्य सुरक्षा उपकरण तैनात किए जाएंगे. भीड़ नियंत्रण के लिए फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग एवं मॉकड्रिल आयोजित होगी. अश्लील गीतों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और केवल धार्मिक एवं भक्ति गीत ही बजाए जाएंगे. अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, धालभूम एवं घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी, अग्निशमन व स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, निजी कंपनियों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
