दुमका: जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुंदरा फलान गांव में सोमवार देर रात एक सनकी आशिक ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. यहां आरोपी ने दंपत्ति की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी और उनकी दो बेटियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने दोनों घायल बहनों को फूलो- झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है, जहां उनका इलाज जारी है.

जानकारी के अनुसार, गांव की युवती हीरामुणि हेंब्रम का प्रेम प्रसंग पाकुड़ जिला निवासी लोकेश मुर्मू से चल रहा था. लेकिन दिव्यांग होने के कारण परिजनों ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया. युवती ने भी माता- पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए प्रेमी से दूरी बना ली. इसी बात से नाराज आरोपी सोमवार की रात हीरामुणि के घर पहुंचा और पहले उसके पिता साहब हेंब्रम पर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद मां मंगली किस्कू पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिया.
मां को बचाने पहुंचीं हीरामुणि और उसकी बहन बैनी हेंब्रम को भी आरोपी ने चाकू से घायल कर दिया. दोनों किसी तरह घर से भागकर पड़ोस में शरण ली. शोरगुल होते ही आरोपी वहां से फरार हो गया.
सूचना पर शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है.

