इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा अवध डेंटल कॉलेज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां दो बाइकों की आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
मृतक की पहचान भिलाईपहाड़ी निवासी प्रमोद कुंडू (35) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि प्रमोद उलीडीह स्थित एक आई क्लीनिक में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे. मंगलवार को ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
प्रमोद कुंडू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. वहीं घायल युवकों की पहचान मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू के रूप में हुई है. दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर शहर की ओर आ रहे थे, तभी सामने से आ रही प्रमोद की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण हादसा बेहद भीषण हो गया. दुर्घटना में दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है. फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.