आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत नेपाली बस्ती के समीप रेलवे लाइन से पुलिस ने शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है. आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी. सूचना मिलते ही रेल पुलिस और आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस को मामले की गुत्थी सुलझाने में कठिनाई हो रही है. पुलिस ने शव को शीत गृह में सुरक्षित रखवा दिया है और आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना दी जा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति अपने परिजन की गुमशुदगी की सूचना लेकर आता है तो शिनाख्त कराई जाएगी. पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

