पलामू: जिले के डालटनगंज शहर थाना परिसर में बुधवार को अनोखा नजारा देखने को मिला, जब थाने में शादी की रस्में निभाई गईं और पुलिसकर्मी खुद बाराती बन गए. जानकारी के अनुसार, रेहला थाना क्षेत्र के केतात गांव निवासी सूरज कुमार रवि और कधवन गांव की संध्या कुमारी पिछले तीन साल से एक- दूसरे से प्रेम करते थे. बुधवार को दोनों बिना बताए डिज्नीलैंड मेला घूमने पहुंचे थे. तभी परिजनों की नजर उन पर पड़ी और मेले में बवाल मच गया. मामला थाने पहुंचा, लेकिन हंगामे की जगह यहां खुशियों का माहौल बन गया.

परिजनों ने थाने में ही शादी कराने का फैसला ले लिया. थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पंडित को बुलाकर शादी की तैयारियां शुरू हुईं. थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और एएसआई समय राम ने दूल्हा- दुल्हन को आशीर्वाद दिया. पुलिसकर्मी खुद बाराती बने और सात फेरे पूरे कराए गए.
थाने में शहनाई गूंजी और शादी संपन्न होते ही सभी ने नवदम्पति को शुभकामनाएं दीं. स्थानीय लोगों का कहना था कि ऐसा नजारा शायद ही कहीं देखा गया होगा, जहां बारात पुलिस लाइन से निकली हो और शादी थाने में सम्पन्न हुई हो. मेले से शुरू हुई कहानी का सुखद अंत थाने में हुआ और अब सूरज व संध्या का प्यार कानूनी व सामाजिक मान्यता पा चुका है.

