
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना परिसर में गुरुवार को पोड़ाहाट अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी की पहल पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सोनुआ, गुदड़ी, गोइलकेरा और सेरेंगदा थाना क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस और प्रशासन के समक्ष रखीं.


एसडीपीओ डॉ. हाशमी ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं चरणबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र की अधिकांश समस्याओं का समाधान संभव है. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी समस्या की जानकारी बिना संकोच पुलिस को देने की अपील की.

जनसुनवाई के दौरान अंचल निरीक्षक महानंद सुरीन ने ग्रामीणों से अफीम की अवैध खेती से पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि समाज और नई पीढ़ी के भविष्य के लिए भी गंभीर खतरा है. उन्होंने लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया.
एसडीपीओ ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया. उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, जबकि किसी भी आपात स्थिति में 112 सेवा का उपयोग करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

डॉ. हाशमी ने डायन-बिसाही, ओझा-गुणी प्रथा और अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम और नशे के खिलाफ भी ग्रामीणों से सहयोग मांगा. साथ ही कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी.
कार्यक्रम में अंचल निरीक्षक महानंद सुरीन, सोनुआ अंचलाधिकारी अनुज टेटे, गुदड़ी बीडीओ मनोज तिवारी, सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज, गोइलकेरा थाना प्रभारी बिक्रांत मुंडा, सेरेंगदा थाना प्रभारी उमेश कुमार यादव सहित कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक


