आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर निर्माण समिति, श्रीकृष्णनगर, आदित्यपुर-2 द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ. दो दिनों तक चले इस धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों, समाजसेवियों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में सत्यप्रकाश शुधांशु, पूरेंद्र नारायण सिंह, ई. अजीत कुमार, देव प्रकाश, वीरेंद्र यादव, उमेश यादव, आरके. सिंह, राजेश यादव, विनोद शर्मा और एसडी. प्रसाद उपस्थित रहे.

शनिवार की सुबह 10:15 बजे भव्य शोभायात्रा से कार्यक्रम का आगाज हुआ. आकर्षक झांकियां, सुसज्जित रथ और भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया. क्षेत्र में जगह- जगह स्वागत द्वार बनाए गए और पुष्प वर्षा की गई. उसी दिन शाम 7:00 बजे से भजन- कीर्तन और प्रवचन प्रारंभ हुआ जो देर रात तक चला. ठीक मध्यरात्रि 12 बजे शंखनाद और जयकारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया और महाप्रसाद का वितरण हुआ.

रविवार को बाल कलाकारों ने कृष्ण लीला का मनमोहक मंचन कर सभी का मन मोह लिया. इसके बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विजेताओं को समिति की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए.
आयोजन की सफलता का श्रेय समिति के अध्यक्ष एसएन यादव, कोषाध्यक्ष केएल यादव, सचिव नगीना प्रसाद सहित सभी सदस्यों को गया. समिति के अन्य पदाधिकारियों और सहयोगियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. अध्यक्ष एसएन. यादव ने आयोजन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी भक्तों और सहयोगियों का आभार प्रकट किया और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखने की बात कही. पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ.

