आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिला के आरआईटी थाना से सटे जागृति मैदान से शनिवार तड़के सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह (58) लगभग का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार अरुण सिंह का शव मैदान के उत्तरी छोर पर स्थित मुर्गा दुकान के पीछे से शव बरामद किया गया है. वे रांची से यहां मालखाना का चार्ज देने आए थे. बताया जाता है कि अरुण कुमार सिंह पूर्व में आरआईटी थाने में ही पदस्थापित थे और अगले साल सेवानिवृत होने वाले थे. शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने मुर्गा दुकान के पीछे उनका शव होने की सूचना दी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. वैसे इस सम्बंध में पुलिस विभाग की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


