चौका: झारखंड के निर्माता और आदिवासी समाज के प्रेरणास्रोत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर बुधवार को चौका थाना अंतर्गत फूलो- झानो मोड़, सिञ डाहार में पातकोम दिशोम पारगाना महाल के तत्वावधान में एक शोक सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

शोक सभा में श्यामल मार्डी ने गहरे दुख के साथ कहा, “गुरुजी शिबू सोरेन न केवल आदिवासियों, बल्कि समस्त झारखंडियों के लिए एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व थे. उन्होंने अपने पूरे जीवन में जल, जंगल, जमीन, सूदखोरी और नशा मुक्ति के लिए अथक संघर्ष किया. उनके निधन से झारखंड ने एक महान सपूत खो दिया, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती.”
पातकोम दिशोम माझी पारगाना महाल ने सभी गांववासियों को निर्देश दिया कि दिशोम गुरु के सम्मान में प्रत्येक गांव में माझी बाबा के नेतृत्व में गांव के सभी महिला पुरुष के साथ शोक सभाएं आयोजित की जाएं.
शोक सभा में श्यामल मार्डी, महेंद्र टुडू, नारान हांसदा, मकर बास्के, नेपाल बेसरा, बुद्धेश्वर किस्कू, भानू हांसदा, परेश हांसदा, रोहना टुडू, संजीत टुडू, रविन्द्र टुडू, बाणेश्वर सोरेन, डोमन बास्के, करमू मार्डी, कुनाराम बास्के, चुनु टुडू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

