
सरायकेला: जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में सेफ्टी टैंक से बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने दो दिनों के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में पत्नी की हत्या करने और शव को सेफ्टी टैंक में छिपाने की बात स्वीकार की है.


पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मंगलवार को सेफ्टी टैंक से बरामद शव की पहचान सोमवारी हेंब्रम के रूप में हुई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था.
एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य प्रमाणों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान संदेह मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर गया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली.
पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटा और बाद में लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक में फेंक दिया, ताकि सबूत छिपाए जा सकें. हालांकि वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और टीमवर्क की बदौलत दो दिनों के भीतर इस मामले का सफल उद्भेदन किया गया. उन्होंने कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता. पुलिस ने आरोपी सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





