DESK झारखंड के शिक्षा मंत्री और घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन को लेकर अचानक से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. दरअसल शनिवार तड़के श्री सोरेन जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित अपने आवास के वॉशरूम में गिर गए थे जिससे उनके सर पर गंभीर चोटे आई. आनन- फानन में उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टर के मुताबिक उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया है. उधर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री को एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया जहां अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

इस बीच सोशल मीडिया पर उनके निधन की खबर वायरल होने लगी. कई लोगों ने तो शोक संवेदना प्रकट कर दिया. यहां तक कि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर स्वास्थ्य मंत्री के निधन पर संवेदना प्रकट की जिसे बाद में उन्होंने हटा लिया. उधर खरसावां विधायक दशरथ गागराई के प्रतिनिधि अनूप सिंहदेव ने अपने फेसबुक पर शिक्षा मंत्री के निधन की खबर पोस्ट कर श्रद्धांजलि अर्पित की. भाजपा नेता सुशील सारंगी ने भी श्रद्धांजलि से संबंधित पोस्ट डाला. कुछ नामचीन अखबारों ने भी अपने वेबसाइट पर शिक्षा मंत्री के निधन से संबंधित खबरें चलाई. हालांकि बाद में उसे एडिट कर दिया गया.
इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने ट्वीट कर जानकारी दी की शिक्षा मंत्री की स्थिति गंभीर जरूर है, मगर उनके निधन की खबर भ्रामक है. उनका इलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टर उनके ऑपरेशन की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने इस बात की भी जानकारी दी कि शिक्षा मंत्री के साथ मौके पर वह मौजूद है. इसके साथ ही तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लग गया है. नेताओं के पोस्ट के आधार पर इंडिया न्यूज़ वायरल पर भी शिक्षा मंत्री के निधन से संबंधित खबर प्रकाशित की गई थी. इसपर हम अपनी ओर से अपने पाठकों और पार्टी नेताओं से खेद प्रकट करते हैं. ईश्वर से हम कामना करते हैं की शिक्षा मंत्री के स्वास्थ्य में सुधार हो और वह दोबारा राज्य की जनता की सेवा कर सकें. साथ ही हम वैसे लोगों से भी अपील करते हैं जो महत्वपूर्ण और जिम्मेदार पद पर रहते हुए भ्रामक खबरें सोशल मीडिया के जरिए प्रकाशित करते हैं, वे बगैर पुष्टि के ऐसा न करें इससे हमें भी दुविधा होती है.

