
सरायकेला: जिले की खेल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से जिला समाहरणालय में मंगलवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने वाले नौ खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर सम्मानित किया.


सम्मान समारोह में तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. विजयवाड़ा में आयोजित नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले शिव शंकर पड़िहारी, उत्तम महतो और प्रियंका कालिंदी को सम्मान मिला.
फुटबॉल के अंडर-14 राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड टीम को राष्ट्रीय चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले आकाश मुर्मू, शुभांशु गोप और हरि सोरेन को भी सम्मानित किया गया.
वहीं 36वीं ईस्ट जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता की रिले रेस में स्वर्ण पदक जीतने वाली राधा कुमारी तथा 60वीं नेशनल क्रॉस कंट्री रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुकेश कुमार और पानो बास्के को भी सम्मान प्रदान किया गया.
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि सरायकेला-खरसावां की खेल प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है. जिला प्रशासन खेल और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे.
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलदार, सचिव सिकंदर महतो सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह






