खरसावां: जिला उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने मंगलवार को कुचाई प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण मेसो अस्पताल, आश्रम विद्यालय, कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कोपलांग के आंगनवाड़ी केंद्र, डिबारडीह में आवास योजना और मरांगहातु में मनरेगा से संचालित आम बागवानी योजना का जायजा लिया.


डीडीसी ने ग्रामीण मेसो अस्पताल के संचालक सनमत संस्थान के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं. साथ ही 24 घंटे चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य बेहद जरूरी मुद्दा है, इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने आश्रम विद्यालय और कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं से सीधा संवाद किया और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी. छात्राओं ने कक्षाओं की कमी की समस्या भी साझा की. डीडीसी ने बच्चों से अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने को कहा. साथ ही मनरेगा और आवास योजनाओं के लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. इस निरीक्षण में बीडीओ साधु चरण देवगम समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे.


