आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai मंगलवार दोपहर 12 बजे इलेक्ट्रिसिटी कंज्यूमर एसोसिएशन, आदित्यपुर के तत्वावधान में बिजली उपभोक्ताओं ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, आदित्यपुर कार्यालय में प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें थीं कि सरकार द्वारा घोषित 200 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा सभी उपभोक्ताओं को मिले. जिनका बिल 200 यूनिट से अधिक आता है, उन्हें भी पहले 200 यूनिट फ्री मिले, फिर शेष बिल की गणना हो.

दूसरी मांग स्मार्ट मीटर को लेकर थी. उपभोक्ताओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद रीडिंग 2-3 गुना बढ़ गई है. ऐसे मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग की गई. साथ ही कहा गया कि मीटर रीडिंग का फोटो स्पष्ट नहीं आने से बिल की गणना गलत हो रही है, जिसकी भरपाई विभाग करे. प्रदर्शन के दौरान एसडीओ ने उपभोक्ताओं को बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर की जिम्मेदारी विभाग की नहीं, बल्कि सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी की है. यदि किसी उपभोक्ता को बिलिंग में समस्या है तो वे लिखित शिकायत दें. अनुसंधान के बाद मीटर को बदला जा सकता है. प्रदर्शन में विष्णुदेव गिरी, महेंद्र मंडल, ओ पी पांडे, श्यामल सुमन, संतोष कुमार, दीपक कुमार, रोहित शर्मा, लीला पंडित समेत दर्जनभर उपभोक्ता उपस्थित थे.

