सरायकेला: मुहर्रम पर्व के अवसर पर सरायकेला- खरसावां पुलिस ने एडवाजरी जारी करते हुए सामाजिक/ सम्प्रादायिक सौहार्द के साथ शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की है. जारी एडवायजरी को लेकर सभी संबंधित थानों को अलर्ट जारी कर दिया गया है.

क्या है एडवायजरी आप भी जान लें
किसी भी समुदाय, व्यक्ति विशेष/धर्म/ समाज को ठेस पहुंचाने वाले संगीत/ गाने का प्रयोग न करे, जिससे सामाजिक सौहार्द न बिगड़े. किसी भी तरह की भ्रामक तथ्यहीन सूचना/ फोटो/ विडियो/ धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी, सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचे. जुलूस केवल निर्धारित मार्गो से ही निकालें एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा- निर्देर्शो का पूर्णतः पालन करे. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काउ एवं धार्मिक विद्वेष फैलाना/साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने से संबंधित पोस्ट कर अफवाह फैलाना दण्डनीय अपराध है. ऐसी अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के विरूद्ध विधि- सम्मत कानूनी कार्रवाई की जायेगी. किसी भी प्रकार के ऐसे झंडे या प्रतीक चिन्ह का प्रयोग कदापि ना करें जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो अन्यथा आपके विरूद्ध बीएनएस की धारा- 196/ 299 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. बिजली के तारों एवं पोल से उचित दूरी बनाकर रखें, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके. किसी भी अप्रिय घटना या प्रयास या असामाजिक गतिविधि से संबंधित सूचना कंट्रोल रूम के मोबाईल नम्बर/ व्हाट्सएप्प नम्बर- 9798302486 पर दें अथवा डायल-112 पर सम्पर्क कर सूचना दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जायेगी.
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि सरायकेला- खरसावाँ पुलिस आप सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करती है एवं आशा करती है कि आप सभी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएंगे.

