जामताड़ा: साइबर पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर बथानटार जंगल से पिता-पुत्र सहित चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में शमसुद्दीन शेख और उनके पुत्र शेख मुजाहिद हुसैन भी शामिल हैं.

संगठित साइबर अपराध चलाते थे बाप- बेटे: एसपी
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि गिरफ्तार पिता-पुत्र संगठित साइबर अपराध करते थे. उनके दो और सहयोगी सलाउद्दीन अंसारी और इम्तियाज फेजी को भी गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 13 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड, 2 पासबुक और 1 चेक बुक बरामद किया गया है.
जान लीजिए ठगी का तरीका
एसपी ने बताया कि यह लोग बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड अपडेट करने की बात कहकर लोगों को झांसे में लेते थे और मोबाइल हैक कर पैसा उड़ा लेते थे. यह लोग मूल रूप से पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और असम के लोगों को अपने साइबर ठगी का शिकार बनाते थे. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

