सरायकेला: केरल के एर्नाकुलम स्थित सेक्रेड हार्ट कॉलेज में आयोजित 3rd एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट के भव्य उद्घाटन समारोह पूर्व राज्य को मुख्यमंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने संबोधित किया.

कार्यक्रम में आयोजन समिति के चेयरमैन एवं विधायक टीजे. विनोद, केरल तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोजन केके., भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. जोरीस पॉलोज़ उम्माचेरिल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल प्रशासक, प्रशिक्षक और देशभर से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे.
अपने संबोधन में अर्जुन मुंडा ने कहा कि तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और यह केवल खेल नहीं बल्कि ध्यान, धैर्य, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत में आर्चरी की अपार संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है, जिसके परिणामस्वरूप भारत विश्व आर्चरी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचा है. देशभर में आयोजित प्रतियोगिताओं और कोचों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों का प्रदर्शन भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन कर रहा है.
अर्जुन मुंडा ने कहा कि आर्चरी शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास को भी मजबूत करती है. खेल युवाओं में टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने आयोजन समिति को बधाई दी और देशभर से आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं.

