आदित्यपुर: वार्ड 32, रोड नंबर 16 निवासी राजदेव ठाकुर ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिले 3 हजार रुपये नगद और महत्वपूर्ण दस्तावेज उनके वास्तविक मालिक को लौटा दिए.


जानकारी के अनुसार रोड नंबर 16 में भवानी हार्डवेयर से आगे मां दुर्गा मेडिकल के पास किसी व्यक्ति के आधार कार्ड, पैन कार्ड, परिवार के सदस्यों के दस्तावेज, पोस्ट बैंक का एटीएम कार्ड और 3 हजार रुपये सड़क पर गिर गए थे. राजदेव ठाकुर को ये सभी सामान मिले. उन्होंने पैसे और दस्तावेज अपने पास सुरक्षित रखकर इसकी सूचना वार्ड पार्षद मालती देवी को दी. उन्होंने बताया कि आधार कार्ड पर पता पोटका थाना क्षेत्र के कालिकापुर का है, जो काफी दूर है. इसलिए सामान को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने में मदद का आग्रह किया.
पार्षद ने इसकी जानकारी अपने पुत्र विष्णु देव गिरी को दी. विष्णु देव गिरी ने अपने स्तर से लोगों से संपर्क करते हुए कालिकापुर के जनप्रतिनिधि धीरेन भकत से संपर्क किया. इसके बाद गांव में खोजबीन कर दस्तावेजों के मालिक की पहचान शंकर मुर्मू के रूप में हुई.
शनिवार, 22 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे पार्षद मालती देवी, श्याम बिहारी सिंह, सतीश कुमार सिन्हा और सचिंद्र झा की मौजूदगी में राजदेव ठाकुर को सम्मानित किया गया. इसके बाद राजदेव ठाकुर ने गरीब मजदूर शंकर मुर्मू को उनके सभी दस्तावेज और 3 हजार रुपये सुरक्षित लौटा दिए.
खोए हुए सामान वापस मिलने पर शंकर मुर्मू भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि आज के समय में इतनी ईमानदारी मिलना मुश्किल है. कोई दूसरा होता तो शायद पैसे रख लेता और कागजात फेंक देता. करीब 40 किलोमीटर दूर होने के बावजूद लोगों ने पहल कर उनका सामान सुरक्षित वापस कराया, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं.
इस नेक कार्य में विष्णु देव गिरी की अहम भूमिका रही. शंकर मुर्मू ने राजदेव ठाकुर, वार्ड 32 की जनता और पार्षद मालती देवी समेत सभी सहयोगियों का आभार जताया और खुशी-खुशी अपने घर लौट गए.

