चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत कितापी गांव के दो बच्चे करीब छह माह बाद बुधवार देर शाम सुरक्षित अपने घर वापस लौट आए हैं. घर से नाराज होकर निकले 15 वर्षीय चम्पाई बहंदा और 12 वर्षीय बीरेंद्र बहंदा बुधवार को अपने गांव पहुंचे.

जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे घर छोड़ने के बाद भटकते हुए पश्चिम बंगाल पहुंच गए थे. वहां बंगाल की रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद किया. इसके बाद पिछले छह महीनों तक दोनों बच्चों को बंगाल बाल संरक्षण विभाग की देखरेख में रखा गया.
कृष्ण बाहान्दा के विशेष प्रयासों और चाईबासा रेस्क्यू टीम के आपसी समन्वय से दोनों बच्चों की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी. बच्चों के गांव पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और खुशी का माहौल देखने को मिला.
इस नेक कार्य के लिए ग्रामीणों ने बंगाल और चाईबासा की रेस्क्यू टीम के साथ- साथ कृष्ण बाहान्दा के प्रति आभार व्यक्त किया. इस दौरान मौके पर राकेश बाहान्दा और बाबूलाल कोड़ाह भी उपस्थित रहे.

