
जमशेदपुर: सोमवार देर रात कथित आदिवासी नेता दिनकर कच्छप की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ दर्ज पुराने आपराधिक मामलों की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है. सबसे अधिक चर्चा उस मामले की हो रही है, जिसमें एक महादलित परित्यक्त महिला ने दिनकर कच्छप पर शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था.


जानकारी के अनुसार बिरसानगर थाना में 5 मार्च 2024 को दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2013 में उसकी सामाजिक रीति-रिवाज से शादी हुई थी, लेकिन बाद में पति ने उसे छोड़ दिया. उसका एक बेटा भी है. इसी दौरान उसकी पहचान दिनकर कच्छप से हुई. आरोप है कि दिनकर ने शादी का वादा कर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया.
मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 376, 504 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के बाद पुलिस ने आरोपों को सही मानते हुए न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया. फिलहाल इस मामले में दिनकर कच्छप जमानत पर हैं और मुकदमा विचाराधीन है.
इधर सोमवार देर रात बिष्टुपुर पुलिस द्वारा एक अन्य मामले में दिनकर कच्छप को गिरफ्तार किए जाने के बाद उनके आपराधिक मामलों को लेकर बहस फिर शुरू हो गई है. शहर के विभिन्न सामाजिक और आदिवासी संगठनों के बीच यह सवाल उठाया जा रहा है कि जिनके खिलाफ यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों का मामला न्यायालय में लंबित हो, वे आदिवासी अधिकार और समाज की लड़ाई लड़ने का नैतिक दावा कैसे कर सकते हैं.
हालांकि इस मामले में दिनकर कच्छप की ओर से फिलहाल कोई नया आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. चूंकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए अंतिम निर्णय अदालत के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा. दिनकर के गिरफ़्तारी की पुष्टि थाना प्रभारी आलोक दुबे ने की है.
दिनकर के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले
बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 21/2024.
सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 133/2023.
गोलमुरी थाना कांड संख्या 14/2023.
सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 123/2020.
सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 134/2023.
एमजीएम (मानगो मुफस्सिल) थाना कांड संख्या 154/2024.
एमजीएम (मानगो मुफस्सिल) थाना कांड संख्या 168/2024.
बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 02/2025.
बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 09/2025.
Edited By Sarita






