
आदित्यपुर: स्वर्णरेखा गेस्ट हाउस में मंगलवार को भाजपा आदित्यपुर मंडल की ओर से भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन, आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.


कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इसके बाद वक्ताओं ने उनके जीवन, राष्ट्र निर्माण में योगदान और विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला.
पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू- कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 का पुरजोर विरोध किया था और “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था. उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपने को साकार किया गया और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है.

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी राष्ट्रवाद, त्याग, साहस और सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक थे. उनका पूरा जीवन भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा. उन्होंने यह भी कहा कि देश विभाजन के समय डॉ. मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
चम्पाई सोरेन ने कहा कि भाजपा की विचारधारा में राष्ट्रहित सर्वोपरि है. उसके बाद पार्टी, फिर परिवार और सबसे अंत में स्वयं का स्थान है. उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और विचार आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देते रहेंगे.
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, पार्षद शांतनु घोष, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेश महापात्र, रंजीत प्रधान, देवराज चाकी, पूर्व पार्षद नील पद्मा विश्वास, गुरजीत सिंह, पवन महतो, बुबई शर्मा, अमन कुमार, भंबल दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Edited By Sarita






