चांडिल: अनुमंडल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है. इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने विशेष छापामारी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सपादा गांव में अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया. जांच में दोनों ट्रैक्टरों में करीब 200 सीएफटी बालू पाया गया, लेकिन इसके संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका.
पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है. साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उस पर कार्रवाई की जा सके.
Report by Vikash Thakur

