खूंटी: जिले के सायको थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को नदी किनारे पत्थर की गुफा में फेंक दिया गया था.

मृतक की पहचान बुद्ददेव मुंडा उर्फ बुधु मुंडा के रूप में हुई है, जो सायको थाना क्षेत्र के बाड़ेडीह बलंगा गांव का निवासी था. बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो दिनों से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी.
जांच के दौरान पुलिस ने 26 अप्रैल 2026 को बलंगा नदी के पास पत्थर की गुफा से शव बरामद किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया.
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में चौड़े मुंडू, लोदरो मुंडू, कोल्हा मुंडू और नारदे मुंडू शामिल हैं. सभी आरोपी मृतक के ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 24 अप्रैल की रात करीब 9 बजे आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में उन्होंने बुद्ददेव मुंडा को लाठी- डंडों से पीट- पीटकर हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी किनारे पत्थर की गुफा में छिपा दिया गया.
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और पत्थर भी बरामद किए हैं, जो घटना की क्रूरता को दर्शाते हैं. फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

