जमशेदपुर: रेलवे बोर्ड ने टाटानगर से खाटीपुरा के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. रेलवे मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 18061/ 18062 संतरागाछी- खाटीपुरा एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा.

यह ट्रेन संतरागाछी से खाटीपुरा तक और वापसी में खाटीपुरा से संतरागाछी तक चलेगी, जिससे झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. ट्रेन के प्रमुख ठहराव में खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा इदगाह, खेरली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई और दौसा शामिल हैं.
समय सारिणी के अनुसार ट्रेन संतरागाछी से दोपहर 14:15 बजे प्रस्थान करेगी और टाटानगर होते हुए अगले दिन खाटीपुरा पहुंचेगी. वापसी में खाटीपुरा से सुबह प्रस्थान कर टाटानगर के रास्ते संतरागाछी पहुंचेगी. यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से चलेगी. संतरागाछी से बुधवार और खाटीपुरा से शुक्रवार को.
इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने बताया कि रेलवे बोर्ड के कार्यपालक निदेशक (जन शिकायत) विकास जैन ने उन्हें इसकी आधिकारिक सूचना दी है. उन्होंने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है. सांसद महतो ने बताया कि हाल ही में उन्होंने रेल मंत्री से इस मुद्दे पर मुलाकात की थी. उस समय लंबी दूरी के कारण सीधी ट्रेन सेवा पर पुनर्विचार किया जा रहा था, लेकिन अब संतरागाछी से टाटानगर होते हुए जयपुर तक ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो गया है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्री उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए इस सेवा की शुरुआत संतरागाछी से की जाएगी, जिसमें टाटानगर स्टेशन को विशेष महत्व दिया गया है. जल्द ही इसका विस्तृत टाइम टेबल जारी किया जाएगा और निकट भविष्य में परिचालन शुरू होने की संभावना है.
गौरतलब है कि जमशेदपुर सहित कोल्हान क्षेत्र में बड़ी संख्या में राजस्थान मूल के लोग निवास करते हैं, जो लंबे समय से इस ट्रेन की मांग कर रहे थे. सांसद महतो ने बताया कि वे वर्ष 2014 से इस दिशा में प्रयासरत थे. सांसद ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सेवा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी राहत और सुविधा लेकर आएगी तथा पूर्वी और उत्तरी भारत के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी.
Report by Varun Kumar

