आदित्यपुर: कुलुपटांगा फीडर में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति को लेकर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने विद्युत जीएम अजित कुमार से मुलाकात कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की.

बताया गया कि पिछले कई दिनों से कुलुपटांगा फीडर में औसतन 18 से 21 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है. क्षेत्र में पहले 11 केवी अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य किया गया था, लेकिन अब भी करीब 70 प्रतिशत इलाके में ओवरहेड सप्लाई के जरिए बिजली दी जा रही है.
गर्मी के मौसम में हल्की आंधी या बारिश होने पर 2 से 7 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई घरों में इनवर्टर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को अंधेरे में समय बिताना पड़ रहा है.
मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने फीडर की तकनीकी खामियों को दूर करने का आग्रह किया. इस पर विद्युत जीएम अजीत कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए गुरुवार सुबह 11:30 बजे संबंधित फीडर को लेकर समीक्षा बैठक बुलाने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्युत कार्यपालक अभियंता और अधीनस्थ अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने को कहा है.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने जीएम की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि प्रस्तावित बैठक समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

