जामताड़ा: झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार सिंह के पिता चंद्रशेखर सिंह का निधन हो गया. वे 97 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर से समाज के विभिन्न वर्गों में शोक की लहर दौड़ गई. सामाजिक जीवन में उनके योगदान और अनुभवों को याद करते हुए लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया. चंद्रशेखर सिंह एक समाजसेवी और कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में जाने जाते थे. उन्होंने गुलाम भारत से लेकर आजाद भारत तक के सामाजिक बदलावों, लोगों के रहन-सहन और जीवन स्तर में आए परिवर्तनों को करीब से देखा था.


अपने लंबे जीवन के अनुभवों को वे हमेशा समाज के लोगों के बीच साझा करते रहते थे. उनके विचारों और अनुभवों से लोगों को सामाजिक परिस्थितियों को समझने की प्रेरणा मिलती थी.
उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. वे अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री तथा नाती-पोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन पर विभिन्न वर्गों के लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

