चाईबासा: चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनुआ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मंडल की डिवीजनल पर्सनल ऑफिसर के. भानुलता ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव जाने.


कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने डीपीओ को आवेदन सौंपकर सोनुआ स्टेशन पर कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस और पुरी-हरिद्वार कलिंग उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की. साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या तीन और चार की ओर यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर खोलने की मांग रखी.
पूर्व विधायक ने कहा कि कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस का कोरोना काल से पहले सोनुआ में ठहराव था, जिसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सोनुआ में ओडिशा क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यवसायी रहते हैं, जिन्हें कलिंग उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से सुविधा मिलेगी. वहीं प्लेटफॉर्म तीन और चार की ओर टिकट काउंटर नहीं होने से चक्रधरपुर और टाटानगर की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है.
रेल जन संवाद के बाद के. भानुलता ने सोनुआ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया. मौके पर आंदोलनकारी बासुदेव महतो, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी केदारनाथ नायक, प्रखंड अध्यक्ष निशांत महतो, गोपाल कर, अर्जुन महापात्र समेत कई यात्री मौजूद थे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

