सरायकेला/चांडिल: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उन्होंने शिबू सोरेन के संघर्षमय जीवन, झारखंड आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें झारखंड का महान जननायक बताया.



मोहम्मद अरशद ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी, मूलवासी, अल्पसंख्यक तथा वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया. उनके नेतृत्व में चले आंदोलनों ने झारखंड राज्य के गठन की नींव को मजबूत किया और लाखों लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया.
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि गरीबों, किसानों, मजदूरों और शोषित वर्ग की सशक्त आवाज थे. उनका सादगीपूर्ण जीवन, संघर्ष, त्याग और जनसेवा की भावना सदैव लोगों को प्रेरित करती रहेगी. उनके आदर्शों पर चलकर ही झारखंड को विकास, सामाजिक न्याय और भाईचारे की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है.
मोहम्मद अरशद ने कहा कि आज आवश्यकता है कि सभी लोग दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी सौहार्द, समानता और न्याय की भावना को मजबूत करें तथा झारखंड के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.
अंत में उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संघर्ष, विचार और योगदान हमेशा झारखंडवासियों के दिलों में जीवित रहेगा. उनके आदर्श और स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





