सरायकेला/ Pramod Singh शहीद दिवस के अवसर पर जिले में “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के तहत युवाओं ने अनूठी पहल करते हुए श्रमदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया. रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में “मेरा युवा भारत” के तत्वावधान में सामुदायिक भवन परिसर और सिदो- कान्हू पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा पदाधिकारी क्षितिज ने किया.

इस दौरान पदाधिकारियों, कर्मियों और युवा वॉलिंटियर्स ने मिलकर पार्क और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया. कचरा संग्रहण, झाड़ियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर पूरे इलाके को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया. कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि 3-4 वर्ष पूर्व बनाए गए जल सोख्ता की भी सफाई, मरम्मत और पुनर्सक्रियकरण किया गया. इससे जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया. जिला युवा पदाधिकारी क्षितिज ने आम लोगों से अपील की कि वे ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़- चढ़कर हिस्सा लें और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ व सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें. सरायकेला में आयोजित यह कार्यक्रम यह संदेश देता है कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कर्मों से दी जाती है.

