आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी स्थित खरकई नदी के चेकडैम में रविवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया. चेकडैम में दो युवक डूब गए. डूबे युवकों की पहचान मिरूडीह निवासी शुभम शर्मा और बनतानगर निवासी सोनू लोहार के रूप में बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई. देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने और अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा.


घटना की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन और आसपास के लोग बड़ी संख्या में चेकडैम के पास पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किए जाने की संभावना है.
दो महीने में तीसरा बड़ा हादसा, अब तक पांच युवाओं की जा चुकी है जान
आसंगी चेकडैम में लगातार हो रही घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. 4 जुलाई 2026 को यहां नहाने के दौरान दो किशोर डूब गए थे. दोनों की मौत हो गई थी. इसके करीब एक महीने बाद अगस्त में एनआईटी जमशेदपुर के बीटेक छात्र मीर तनवीर हसन की भी इसी चेकडैम में डूबने से मौत हो गई थी. चार दिन बाद उसका शव सोनारी के दोमुहानी से बरामद हुआ था. इससे पूर्व सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल के दो किशोरों की डूबने से मौत हो चुकी है.
लगातार हादसों के बाद अगस्त में जिला प्रशासन ने आसंगी डैम को डेंजर जोन घोषित करते हुए प्रवेश वर्जित करने का चेतावनी बोर्ड भी लगाया था. इसके बावजूद रविवार को दो और युवकों के डूबने की घटना ने सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यदि रविवार की घटना में दोनों युवकों के डूबने की पुष्टि होती है तो करीब दो महीने के भीतर आसंगी चेकडैम में यह तीसरी बड़ी डूबने की घटना है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता दोनों युवकों की तलाश है.

