सरायकेला: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की जीवंत झलक देखने को मिली.



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं. वहीं रांची लोकसभा के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रतिनिधि के रूप में मनोज कुमार महतो कार्यक्रम में मौजूद रहे. इस दौरान स्थानीय छऊ कलाकारों और आदिवासी कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.

सांसद जोबा माझी ने जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति और परंपरा को संरक्षित रखने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है.
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडो के कई आदिवासी किसानों के बीच वन पट्टा का वितरण किया गया. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए गए. कृषि विभाग की ओर से किसानों के बीच बीज का भी वितरण किया गया. साथ ही परिसंपत्तियों का वितरण किया गया.

मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद जोबा माझी ने देश के अलग-अलग राज्यों में छात्रों द्वारा किए जा रहे आंदोलनों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकारों को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन एक दिन के गुस्से का परिणाम नहीं है, बल्कि वर्षों से पेपर लीक और परीक्षा में कथित धांधली जैसे मामलों को लेकर बनी नाराजगी का परिणाम है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर सांसद जोबा माझी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है.

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी सांसद ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब विधेयक वर्ष 2023 में पारित हो चुका है, तो उसे बार-बार सदन में पेश करने का कोई औचित्य नहीं है. वहीं संसद के मौजूदा मानसून सत्र में हो रहे हंगामे के लिए उन्होंने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया. मानसून सत्र के बाद विशेष सत्र बुलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.
वहीं उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के उत्थान और सर्वांगीण विकास को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है. सरकार के निर्देश के अनुरूप जिले के अंतिम पंक्ति में खड़े आदिवासी समुदाय के लोगों तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में आदिवासी समुदाय के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सरकारी योजनाओं के लाभ का वितरण विश्व आदिवासी दिवस को सामाजिक और विकासात्मक संदेश से जोड़ता नजर आया.
प्रमोद सिंह (संपादक)





