जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालीगुमा एनएच-33 स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 2 किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन युक्त 7 बोतल नशीली सिरप और 3,320 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.



ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 8 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा में किआ कार शोरूम के समीप एक गुमटी में बिस्किट और चॉकलेट की दुकान की आड़ में गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई की गई.
पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास के साथ छापामारी टीम गठित की गई. टीम ने गुमटी की घेराबंदी कर नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा, उम्र 34 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया.
गुमटी की तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग पैकेट में कुल 2 किलो 60 ग्राम गांजा मिला. इसमें करीब 790 ग्राम गांजा छोटे-छोटे पुड़ियों में रखा था, जबकि 1 किलो 270 ग्राम गांजा हरे रंग की पॉलिथीन में रखा गया था.
इसके अलावा पुलिस ने ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 एमएल की 7 बोतल, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक रेडमी स्मार्टफोन भी बरामद किया.
पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है. अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
मामले को लेकर एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी), 22 और 29 तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 27(बी)(ii) के तहत कार्रवाई शुरू की है.





