सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 की विजयी प्रत्याशी ज्योति साहू ने शनिवार को अपने वार्ड में भव्य विजय जुलूस निकालकर जीत का उत्सव मनाया. 219 मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद निकले इस जुलूस में समर्थकों का उत्साह चरम पर दिखा.

ढोल- नगाड़ों की गूंज और जीत के नारों से पूरा वार्ड गुंजायमान हो उठा. बड़ी संख्या में समर्थक जुलूस के साथ पूरे क्षेत्र में चलते रहे और ज्योति साहू के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.
जगह- जगह लोगों ने जुलूस को रोककर फूल- मालाओं से स्वागत किया. कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं ने आरती उतारकर तथा मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. पूरे वार्ड में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
ज्योति साहू ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और आशीर्वाद की जीत है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड के विकास, स्वच्छता, सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. समर्थकों ने इसे विकास और भरोसे की जीत बताते हुए आने वाले समय में वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने का संकल्प दोहराया.

