आदित्यपुर: लंबे समय तक शिकायतों की अनदेखी के बाद आखिरकार सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश को महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था की याद आ ही गई. बुधवार को उन्होंने गम्हरिया आदित्यपुर क्षेत्र का निरीक्षण कर सर्विस लेन में खुलेआम शराब पीने वालों पर कार्रवाई की.

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई और दोबारा ऐसी हरकत होने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई. हालांकि, सवाल यह है कि जो “ओपन बार” का नजारा रोज दिखता था, वह अब तक प्रशासन और स्थानीय पुलिस की नजर से कैसे बचा रहा ?
गौरतलब है कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सिटी पैलेस के पास, इमली चौक, टीचर ट्रेनिंग मोड़ और गम्हरिया ब्लॉक के सामने खुलेआम दिनभर शराबखोरी होती रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई नई समस्या नहीं, बल्कि लंबे समय से जारी है.
ऐसे में अचानक हुई यह कार्रवाई जितनी सख्त दिखती है, उतनी ही देर से उठाया गया कदम भी नजर आता है. अब देखने वाली बात यह होगी कि यह निरीक्षण सिर्फ एक दिन की औपचारिकता बनकर रह जाता है या वाकई जमीनी बदलाव दिखता है.
एसडीओ ने अधिकारियों को नियमित निगरानी और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश जरूर दिए हैं, लेकिन असली परीक्षा इस बात की है कि इन निर्देशों का पालन कितने दिनों तक होता है. स्थानीय लोगों के बीच अब यही चर्चा है कि “जो चीज आम लोगों को रोज दिखती है, वह जिम्मेदारों को अब तक क्यों नहीं दिखी.” फिलहाल कार्रवाई हुई है, लेकिन क्या यह स्थायी समाधान बनेगी या फिर कुछ दिनों बाद सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा- यह देखना बाकी है.
Chief Editor

