रांची: झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता व्यक्त की गई है. उन्हें उपलब्ध कराई गई पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी और सुरक्षा में लगी जर्जर वाहनों को बदलने की मांग तेज हो गई है.


जानकारी के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष के वरीय आप्त सचिव राजेंद्र तिवारी ने गृह विभाग को पत्र भेजकर सुरक्षा वाहनों को तत्काल बदलने का अनुरोध किया है. पत्र में कहा गया है कि बाबूलाल मरांडी को सीआरपीएफ की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई बुलेटप्रूफ गाड़ी काफी पुरानी हो चुकी है और अक्सर तकनीकी खराबियों का सामना करना पड़ता है.
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुरक्षा व्यवस्था में शामिल तीन जिप्सियां भी लंबे समय से उपयोग में हैं और लाखों किलोमीटर चलने के कारण उनकी स्थिति जर्जर हो चुकी है. ऐसे में सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को देखते हुए नए वाहनों की व्यवस्था करना आवश्यक बताया गया है.
बताया गया है कि इस विषय पर संबंधित अधिकारियों को पहले भी कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. सुरक्षा कारणों और संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वाहन बदलने की मांग को प्राथमिकता देने की अपील की गई है.
गौरतलब है कि बाबूलाल मरांडी राज्य के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं और उन्हें विशेष सुरक्षा श्रेणी प्राप्त है. ऐसे में उनकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और अद्यतन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है.
रिपोर्ट :शुभम मिश्रा



