
राजनगर: सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजनगर थाना के समीप ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष वाहन जांच एवं नशा जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान मुख्य रूप से भारी वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, ताकि शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों की पहचान की जा सके.


जांच अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक, हाइवा और अन्य भारी वाहनों को रोककर एक-एक चालक का अल्कोहल टेस्ट किया. जिन चालकों के नशे की हालत में वाहन चलाने की पुष्टि हुई, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया. अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है, जिससे न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों का जीवन भी खतरे में पड़ जाता है.
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी. उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी परिस्थिति में शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं.
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना भी है, ताकि जिले में सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था कायम रह सके.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





