सरायकेला: थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देशन में गठित विशेष अनुसंधान दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.



पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि सरायकेला थाना में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले के अनुसंधान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार अनुसंधान करते हुए मामले का सफल उद्भेदन किया.
जांच के दौरान पुलिस ने अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) तथा कृष्णानाथ उर्फ दुख (22) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर जेएच-22एफ-8686 नंबर की एक मोटरसाइकिल समेत चार अन्य बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई. सभी वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया है.
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सरायकेला-खरसावां सहित आसपास के कई जिलों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं. पुलिस अब उनकी निशानदेही पर अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी तथा आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. वहीं करण बास्के के विरुद्ध भी सरायकेला और गम्हरिया थानों में वाहन चोरी तथा चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.
इस अभियान में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. लगातार छापेमारी और सटीक अनुसंधान के कारण पुलिस न केवल चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफल रही, बल्कि पूरे गिरोह का भी पर्दाफाश कर दिया.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. वाहन चोरी करने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुड्डु, थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार महतो, विनोद टुड्डु, सौरभ कुमार आहूजा, हवलदार राजेश उरांव, आरक्षी बॉबी कुमार झा, अनिल कुमार सहित सरायकेला थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही.





