सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत चुनाव के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित कुमार चौधरी ने पूरे नगर क्षेत्र में भव्य पदयात्रा निकालकर अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया. प्रचार के आखिरी दिन निकली इस पदयात्रा ने शहर की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी. सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा और समर्थक इसमें शामिल हुए. जनसमर्थन की यह तस्वीर चुनावी माहौल को और अधिक रोमांचक बना गई.

सुबह से ही नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में समर्थकों का जुटान शुरू हो गया था. जैसे ही पदयात्रा प्रारंभ हुई, पूरा माहौल नारों और उत्साह से गूंज उठा. महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस पदयात्रा को विशेष बना दिया. कई स्थानों पर महिलाओं ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया.
वार्ड- वार्ड पहुंचा संदेश, घर-घर मांगा समर्थन
पदयात्रा नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और मोहल्लों से होकर गुजरी. मुख्य चौक- चौराहों और आवासीय इलाकों में लोगों ने जगह- जगह रुककर उनका स्वागत किया. समर्थकों ने ढोल- नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल बनाया.
इस दौरान सुमित कुमार चौधरी ने मतदाताओं से हाथ जोड़कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आगामी मतदान में चुनाव चिन्ह ‘बक्सा’ क्रमांक 7 पर बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि नगर के विकास को नई दिशा दी जा सके.
महिलाओं और युवाओं का दिखा उत्साह
पदयात्रा में महिलाओं की बड़ी संख्या ने यह संकेत दिया कि उन्हें महिला मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है. कई स्थानों पर महिलाओं ने विकास, पारदर्शिता और बेहतर नगर प्रशासन को प्राथमिकता देने की बात कही. युवाओं ने भी जोश के साथ प्रचार में भाग लिया और जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई.
स्वागत से गूंजा पूरा नगर क्षेत्र
रास्ते में जगह- जगह समर्थकों द्वारा माल्यार्पण, फूलों की वर्षा और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया. बाजार समिति के सदस्यों, स्थानीय गणमान्य लोगों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शुभकामनाएं दीं. पदयात्रा जहां- जहां पहुंची, वहां लोगों की भीड़ स्वतः जुड़ती चली गई.
“विकास ही मेरी प्राथमिकता है.”- सुमित चौधरी
पदयात्रा के दौरान सुमित कुमार चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य सरायकेला नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित बनाना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो जलापूर्ति, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और व्यापारिक सुविधाओं के क्षेत्र में ठोस कार्य किए जाएंगे.
उन्होंने कहा. “यह पदयात्रा नहीं, जनता का विश्वास है. जिस तरह से हर वार्ड से समर्थन मिल रहा है, वह बदलाव का संकेत है. मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि चुनाव चिन्ह ‘बक्सा’ क्रमांक 7 पर मतदान कर मुझे सेवा का अवसर दें.”
चुनावी समीकरण पर असर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रचार के अंतिम दिन हुआ यह शक्ति प्रदर्शन चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकता है. भीड़ और महिलाओं की भागीदारी ने संकेत दिया है कि मुकाबला रोचक और कांटे का हो सकता है. अब सबकी निगाहें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जहां जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर पंचायत के अगले अध्यक्ष का चयन करेगी.

