सरायकेला: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, सरायकेला शाखा द्वारा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कुल 56 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 51 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की.


कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया. उन्होंने रक्तदान को सबसे बड़ा दान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है. उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की.

शिविर का विशेष आकर्षण पहली बार रक्तदान करने वाले 6 युवा रहे. मंच के पदाधिकारियों और ब्लड बैंक टीम ने उनका सम्मान कर हौसला बढ़ाया. वहीं बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने भी कार्यक्रम को खास बना दिया.
ब्लड बैंक के अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और समय पर उपलब्ध रक्त किसी की जान बचा सकता है. उन्होंने रक्तदाताओं को मानवता की सेवा के लिए आगे आते रहने का संकल्प दिलाया.
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि समाज सेवा का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा. कार्यक्रम के सफल संचालन में मंच के कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

