चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनन विभाग और कपाली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात वाहन जांच अभियान चलाकर बालू परिवहन कर रहे एक ट्रेलर को जब्त किया है.


जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात कपाली ओपी क्षेत्र के पुडिसिली चौक पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान गुजर रहे वाहनों की जांच की जा रही थी. जांच के क्रम में बालू लदा ट्रेलर वाहन संख्या JH01FQ- 5184 को रोककर उसके परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई.
खनन विभाग के अधिकारियों द्वारा वैध परिवहन अभिलेखों की मांग किए जाने पर चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. कागजात नहीं दिखाए जाने के कारण अधिकारियों ने नियमानुसार वाहन को जब्त कर लिया. जब्त ट्रेलर को सुरक्षा की दृष्टि से कपाली ओपी परिसर में रखा गया है.
प्रशासन के अनुसार मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा सक्षम प्राधिकार द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सरकारी राजस्व की सुरक्षा और अवैध खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और कानून व्यवस्था भी मजबूत होगी.
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी.
Edited By Sarita Mahato

