
सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं पर्यवेक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण का समापन मंगलवार को हुआ. कार्यक्रम में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे.


प्रशिक्षण का संचालन अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन एवं मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका ने किया. इसमें प्रखंड के सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया.
प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने अधिकारियों को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची को अद्यतन करने के निर्देश दिए.
मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका ने पुनरीक्षण कार्य से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया, ऑनलाइन डेटा अपलोड करने तथा मतदाता सूची में सुधार संबंधी तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी.
अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य पूरा करना होगा, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके.
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की शंकाओं का समाधान भी किया गया. अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को समयबद्ध तरीके से पुनरीक्षण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए. प्रशिक्षण में अंचल निरीक्षक बबलू करमाली, कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार, मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका, वशिष्ठ प्रधान, अर्जुन महतो सहित सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे.
Edited By Sarita






