चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट की बड़ी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. डैमडूबी क्षेत्र में अपराधियों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए. घटना के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा- तफरी मच गई.

मिली जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 3:50 बजे की है. माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मी क्षेत्र में कलेक्शन कर लौट रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उसे रोक लिया और हथियार के बल पर उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया. बताया जा रहा है कि जब कर्मी ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से तेजी से फरार हो गए. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कपाली और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. दिनदहाड़े फायरिंग कर लूट की घटना को अंजाम देना यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता जा रहा है. लोगों ने क्षेत्र में नियमित गश्ती और सख्त कार्रवाई की मांग की है. आपको बता दें कि हाल के दिनों में कपाली क्षेत्र नशे के कारोबार, छिनतई और आपराधिक गतिविधियों को लेकर लगातार चर्चा में रहा है. ऐसे में दिनदहाड़े हुई यह वारदात पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है. हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले का खुलासा किया जाएगा.
Report By Afroz Mallik

