सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभागवार लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता चांडिल, भूमि सुधार उप समाहर्ता सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, वाणिज्य कर विभाग आदित्यपुर एवं चांडिल के अधिकारी, विद्युत एवं पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता, नगर निकायों के पदाधिकारी और सब- रजिस्टार सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
उपायुक्त ने कहा कि लंबित राजस्व वसूली मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर संग्रहण में तेजी लाई जाए. उन्होंने सभी विभागों को पारदर्शिता, जवाबदेही और सतत मॉनिटरिंग के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. वाणिज्य कर विभाग को नियमित समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण बढ़ाने और निबंधन विभाग को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक में सड़क सुरक्षा और परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, बिना वैध दस्तावेजों वाले वाहनों पर कार्रवाई करने और मोटरयान अधिनियम के तहत राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार संचालित करने पर जोर दिया गया.
खनन विभाग को अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि खनिज संसाधनों से होने वाली राजस्व हानि रोकने के लिए नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय बेहद जरूरी है.
बैठक में बिजली व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई. कार्यपालक अभियंता विद्युत, सरायकेला एवं आदित्यपुर को बदलते मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि खराब और पंचर लाइनों की त्वरित मरम्मत हो तथा शिकायतों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, शिकायतों का त्वरित समाधान करने और गर्मी के मौसम में प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. वहीं नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में साफ- सफाई, कचरा उठाव, बिजली और पेयजल व्यवस्था को नियमित और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने अवैध शराब निर्माण, बिजली चोरी और अन्य राजस्व प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति अपनाने और अद्यतन प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा.
बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ- साथ सभी योजनाओं और कार्यों का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए.

