जामताड़ा: शहर के सरखेलडीह मोहल्ले में भारतीय जनता पार्टी की नगर स्तरीय संगठनात्मक मासिक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने की, जबकि कार्यक्रम में जिला मंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी संजू देवी मुख्य रूप से मौजूद रहीं. बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और पार्टी की नीतियों को जन- जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदीप राउत ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार प्रत्येक मंडल में हर माह संगठनात्मक बैठक आयोजित की जा रही है, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके. उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान से ही संभव है.
कार्यक्रम प्रभारी संजू देवी ने कहा कि यह केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की योजनाओं को पहुंचाने की अपील की.
भाजपा नेता संतन मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की विचारधारा से प्रेरित संगठन है. उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की एकजुटता पार्टी को लगातार आगे बढ़ा रही है.
नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष चंडी चरण दे ने कहा कि जामताड़ा नगर में संगठन को मजबूत करना केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का अभियान है. उन्होंने कहा कि जब मंडल मजबूत होगा, तभी बूथ मजबूत होगा और बूथ मजबूत होने पर ही पार्टी चुनावी रूप से और अधिक सशक्त बनेगी. वहीं जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल और जिला मंत्री आभा आर्या ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को घर- घर तक पहुंचाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
बैठक का संचालन नगर महामंत्री रथु दास ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नगर महामंत्री लखिन्द्र सिंह ने दिया. कार्यक्रम में भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह, जिला कोषाध्यक्ष चंदन राउत, ज्योति देवी, अर्चना गुप्ता, ब्रजेश राउत, राकेश रवानी, मिथुन गुप्ता, टिंकू साव, अंजय कुमार, स्वपन महतो और नयन रवानी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Report By Manish Baranwal

